फर्रुखाबाद। शमशाबाद कस्बे में रविवार देर शाम गंगा रोड स्थित लक्ष्मी डेयरी के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हुआ। गंभीर घायल युवक को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान मोहल्ला दलमीर खां निवासी संजू उर्फ जोगेंद्र सिंह राजपूत (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि जोगेंद्र सिंह अपने मित्र ननकू के साथ बाइक से ढाईघाट से घर लौट रहे थे। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे लक्ष्मी डेयरी के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि जोगेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे बैठे ननकू को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जोगेंद्र सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद जोगेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को सीएचसी से लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार बाइक सवारों की तलाश के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।


