27 C
Lucknow
Monday, August 17, 2026

मंदिर के बाहर भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, 23 घायल

Must read

 

लखीसराय। सावन के तीसरे सोमवार पर बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच सोमवार सुबह भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए गए हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे मंदिर से अशोकधाम रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ। लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार पुरुषों की कतार की ओर एक खंभा गिर गया। इसके बाद बिजली का तार गिरने और करंट फैलने की अफवाह फैल गई। जबकि गिरा हुआ तार बिजली का चालू तार नहीं, बल्कि केबल तार था। अफवाह के बाद पुरुषों की ओर से भीड़ का दबाव महिलाओं की कतार पर बढ़ गया और कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़ीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे और बैरिकेडिंग टूट गई। कई श्रद्धालु सड़क किनारे खेतों में गिर गए। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद मंदिर में कुछ समय के लिए अव्यवस्था रही, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर श्रद्धालुओं का जलाभिषेक फिर शुरू करा दिया गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे तथा राहत एवं बचाव कार्य चलाया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक हादसे की वास्तविक वजह और व्यवस्थाओं में हुई चूक की जांच के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article