शहीदों को नमन से लेकर जरूरतमंदों की मदद तक का लिया संकल्प
फर्रुखाबाद। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गौरव और गरिमा के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रातः 7:30 बजे जेएनबी रोड स्थित भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रातः 8 बजे राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के बाद पूरे सम्मान के साथ ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान हुआ। अतिथियों एवं अधिकारियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया।
स्वतंत्रता सेनानी की धर्मपत्नी का सम्मान
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा को विशेष सम्मान दिया गया। अतिथियों ने उनका माल्यार्पण कर शॉल भेंट की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
डीएम ने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का कराया बोध
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश को आजादी दिलाने के साथ नागरिकों को जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। आजादी का वास्तविक अर्थ तभी है, जब नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने स्वच्छता, यातायात नियमों का पालन, जल संरक्षण, पौधारोपण, बेटियों की शिक्षा-सुरक्षा और जरूरतमंदों की मदद को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा।उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद को केवल योजनाओं में नहीं, बल्कि व्यवहार में भी बेहतर बनाना होगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों को योजनाओं का लाभ, महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की पहुंच प्रशासन की प्राथमिकता है।डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को भी उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में आने वाला प्रत्येक नागरिक उम्मीद लेकर आता है। प्रयास होना चाहिए कि जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी कार्यालय से सम्मान और समाधान लेकर लौटे। यही सुशासन और लोकतंत्र का मूल उद्देश्य है।
एक पौधा, एक पढ़ाया बच्चा और एक बचाई जान भी राष्ट्र निर्माण
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस पर लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे देश को स्वच्छ और सुंदर बनाने, बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने और जिस भूमिका में हैं, उसमें ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार निर्णय, एक लगाया हुआ पौधा, एक बचाई हुई जान, एक पढ़ाया हुआ बच्चा, एक गरीब की मदद और एक बेटी की सुरक्षा व सम्मान भी राष्ट्र निर्माण का हिस्सा है।
विधायकों ने एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि भारत की महान परंपरा ने सदियों से पूरी दुनिया का मार्गदर्शन किया है। महाभारत, रामायण और गीता जैसे ग्रंथों की परंपरा से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक भारत की महान विभूतियों ने विश्व को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में प्रत्येक परिवार का किसी न किसी रूप में योगदान रहा है। महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए उन्होंने प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहीं महिला अधिकारियों की भी सराहना की और सभी से देश की उन्नति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बोध होने के साथ उनका जीवन में वास्तविक रूप से पालन भी करना चाहिए। यही स्वतंत्रता को मजबूत बनाएगा और देश को निरंतर विकास के रास्ते पर आगे ले जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में जनपद के कवि शिवओम अंबर, जिला आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, भूपेंद्र सिंह तथा विद्यालय की छात्राओं ने भारत की गौरवगाथा पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का संचार किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। उनके योगदान की सराहना करते हुए अतिथियों ने आगे भी पूरी निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
जेलों में बंदियों का जाना हाल, फल-मिष्ठान बांटे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने केंद्रीय कारागार, जिला कारागार एवं महिला बंदी कारागार के चिकित्सालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों का कुशलक्षेम जाना तथा मिष्ठान और फल वितरित किए। कारागार परिसर में पौधारोपण भी किया गया।समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र समेत जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।पूरे जनपद में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन राष्ट्रभक्ति, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ हुआ। समारोह ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन और जरूरतमंदों की मदद का संकल्प भी दिलाया।


