फर्रुखाबाद। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की कार्यशैली और प्रशासनिक सक्रियता की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद में जिलाधिकारी की भूमिका अत्यंत सक्रिय है और वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रही हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के समाधान में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता से विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता का शासन-प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश के निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की बात कही। अपराधमुक्त प्रदेश के निर्माण के लिए अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई किए जाने का भी उल्लेख किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए मंत्री ने कहा कि उनकी स्मृति में देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।मंत्री द्वारा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की सार्वजनिक रूप से की गई सराहना समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। ईमानदार कार्यशैली, सक्रिय प्रशासन और जनहित को प्राथमिकता देने के लिए जिलाधिकारी की प्रशंसा को जिला प्रशासन के लिए उत्साहवर्धन के रूप में देखा जा रहा है।
ऋतुराज पटेल भी बेहतर कार्य के लिए सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बेहतर कार्य एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कलेक्ट्रेट में तैनात ऋतुराज पटेल को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिम्मेदारी के प्रति समर्पण और बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने सम्मानित होने वाले सभी लोगों को बधाई दी।


