फर्रुखाबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान कुल 2181 छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
रस्तोगी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय गंगा दरवाजा में मोहम्मद शकीन खान के सहयोग से बच्चों ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया। वहीं ऋषि एकेडमी, लोहिया फार्म हाउस में भी विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम रागिनी यादव के सानिध्य में संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे।
आयोजकों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना ही स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त समाज की मजबूत नींव है। नशामुक्ति के लिए विद्यालय स्तर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान आने वाली पीढ़ी को बेहतर दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


