शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद में एक्स-रे सुविधा ठप होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे मशीन तो मौजूद है, लेकिन टेक्नीशियन के अभाव में यह सुविधा लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे यह मशीन लोगों की नजर में ‘सफेद हाथी’ बनकर रह गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सीएचसी शमशाबाद क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। लेकिन जब मरीज एक्स-रे जांच की उम्मीद लेकर अस्पताल आते हैं, तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि टेक्नीशियन उपलब्ध नहीं है।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि गंभीर बीमारियों की जांच के लिए एक्स-रे बेहद जरूरी होता है, लेकिन सुविधा न मिलने के कारण उन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहां एक्स-रे के नाम पर 400 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा कम शुल्क पर उपलब्ध होती है।
तीमारदारों ने बताया कि कई महीनों से यह समस्या बनी हुई है और रोजाना मरीजों को भटकते देखा जा सकता है। इस स्थिति से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
सीएचसी में एक्स-रे सुविधा ठप, मरीजों को भटकना पड़ रहा, टेक्नीशियन न होने से मशीन बनी ‘सफेद हाथी’


