दुबई (संयुक्त अरब अमीरात)। दुबई में आयोजित ‘वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट 2026’ में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने वैश्विक मंच पर भारत का पक्ष रखा।
इस दौरान ‘एकीकृत स्वास्थ्य सेवा के भविष्य में निवेश’ विषय पर आयोजित विशेष सत्र में अनुप्रिया पटेल ने भारत सरकार की स्वास्थ्य नीतियों, डिजिटल हेल्थ पहल और समावेशी स्वास्थ्य मॉडल पर विस्तार से विचार रखे।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत ने बीते वर्षों में डिजिटल हेल्थ, आयुष्मान भारत, टेलीमेडिसिन, प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे के सशक्तिकरण और सार्वजनिक–निजी भागीदारी के माध्यम से एक मजबूत और समावेशी स्वास्थ्य प्रणाली विकसित की है। उन्होंने बताया कि भारत का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती, सुलभ और तकनीक आधारित हों।
इस सत्र में सह-पैनलिस्ट के तौर पर अहमद बिन अली अल सायघ, माननीय स्वास्थ्य मंत्री, संयुक्त अरब अमीरात की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और निवेश की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा हुई।
सत्र में यह रेखांकित किया गया कि भविष्य की वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए देशों को एकीकृत, जन-केंद्रित और तकनीक-सक्षम स्वास्थ्य प्रणालियों में निवेश बढ़ाना होगा। भारत के अनुभवों को विकासशील देशों के लिए एक प्रभावी और व्यवहारिक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अनुप्रिया पटेल की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि वैश्विक स्वास्थ्य नीति निर्माण में भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और भारत भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here