राजेपुर| थाना क्षेत्र के एक गांव से दो दिन पहले 14 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी युवक के साथ घर से फरार हो गई। किशोरी के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों का आरोप है कि किशोरी अपने ही मोहल्ले के एक युवक के साथ गई है।
किशोरी के परिजनों ने इस मामले में राजेपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक सहित चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि युवक ने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाया है और इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना को 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद किशोरी का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी तलाश की जा रही है। इस सिलसिले में थाना पुलिस ने फरार युवक के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, ताकि किशोरी और युवक के संबंध में अहम जानकारी मिल सके।
राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि किशोरी के परिजनों की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि युवक के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की कई टीमें युवक और किशोरी की तलाश में लगी हुई हैं और जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।






