मिशन शक्ति के छठे चरण में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर, तहसील सभागार में अधिकारियों ने फरियादियों को दी जानकारी
अमृतपुर
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को अमृतपुर तहसील सभागार में पिंक तहसील दिवस के अंतर्गत मिशन शक्ति के छठे चरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान तहसील में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों और महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बेझिझक शिकायत दर्ज कराने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र, उपजिलाधिकारी श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी, थाना अध्यक्ष राजीव पांडेय और पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सरकारी सहायता एवं शिकायत निस्तारण की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें। ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस और संबंधित अधिकारियों से सहायता प्राप्त की जा सकती है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से फरियादियों और महिलाओं तक महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव का संदेश पहुंचाया गया। अधिकारियों ने जनजागरूकता को अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।


