28.2 C
Lucknow
Saturday, October 17, 2026

गोयल कैंपस में सजी डांडिया नाइट की शाम, गरबा की धुन पर जमकर थिरके विद्यार्थी

Must read

 

लाइव प्रस्तुतियों, आकर्षक परिधानों और रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

बाराबंकी। गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल की ओर से भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। अवधिया मार्ग स्थित परिसर में शाम पांच बजे से रात 9:30 बजे तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा गीतों की धुन, डांडियों की खनक और रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आचार्य संजीव दीक्षित जी महाराज ने पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल, मैनेजर समर्थ गोयल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विशाल विक्रम सिंह, मनु अग्रवाल, सोशल एक्टिविस्ट राजू भैया तथा गोयल कैंपस की प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

पूजन विधि संपन्न होने के बाद जैसे ही गरबा और डांडिया की धुनें गूंजीं, विद्यार्थी उत्साह के साथ नृत्य करने लगे। आकर्षक पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों के उत्साह को देखकर अभिभावक भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और उमंग का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध कलाकार अलीशा अरोड़ा और सुमी की लाइव प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर आनंद लिया। आयोजन में विद्यार्थियों के लिए विशेष फूड जोन, सेल्फी जोन, डांडिया हस्तशिल्प स्टॉल और स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही मिस्टर डांडिया, मिस डांडिया, डांसिंग दीवा और बेस्ट अटायर जैसी श्रेणियों में प्रतिभागियों का चयन किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा, खेल, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, जयपुरिया कॉर्पोरेट कार्यालय के सदस्य, गोयल ग्रुप के पदाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।

समापन अवसर पर लकी ड्रॉ के माध्यम से वाशिंग मशीन, एयर कूलर, एयर फ्रायर, गैस स्टोव, ग्रिल ओवन, इलेक्ट्रिक आयरन, माइक्रोवेव और हेयर ड्रायर सहित विभिन्न उपहारों की घोषणा की गई। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जोड़ने के साथ परिवारों को मनोरंजन, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अवसर प्रदान करना रहा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article