कमालगंज संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में पिछले आठ दिनों से ठप पड़ीं स्वास्थ्य सेवाएं शनिवार से फिर पटरी पर लौट आई हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर कार्यभार संभाल लिया है। कर्मचारियों के लौटने से केंद्र पर इलाज के लिए भटक रहे मरीजों ने राहत की सांस ली है।
पिछले आठ दिनों से जारी हड़ताल के कारण सीएचसी में ओपीडी से लेकर टीकाकरण और जांच सेवाएं बुरी तरह प्रभावित थीं। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ रहा था।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर 30 दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इसी आश्वासन के बाद संगठन ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया।
इस संबंध में डॉ. विनीश माथुर ने बताया कि शासन स्तर से मांगों के निस्तारण के लिए एक माह का समय दिया गया है। कर्मचारियों ने इसी भरोसे पर काम पर वापसी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय-सीमा में मांगों पर अमल नहीं हुआ तो कर्मचारी फिर से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल कर्मचारियों की वापसी से सीएचसी में व्यवस्थाएं सामान्य हो गई हैं। सभी की निगाहें अब अगले 30 दिनों में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


