कोलकाता/कूचबिहार। भारत-बांग्लादेश सीमा पर शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब कथित तौर पर बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों ने भारतीय सीमा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। घटना पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मेखलीगंज ब्लॉक स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र की बताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश के लालमोनिरहाट जिले के औलियाहाट सीमा क्षेत्र में सुबह से ही लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी। देखते ही देखते संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद सीमावर्ती गांवों में चिंता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मोर्चा संभाल लिया और निगरानी बढ़ा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सीमा के निकट बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से स्थानीय लोगों में आशंका पैदा हो गई कि कहीं स्थिति टकरावपूर्ण न हो जाए। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार भारत की ओर से सीमा पर कई बांग्लादेशी नागरिकों की वापसी की प्रक्रिया को लेकर भी स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कई दिनों से सीमा क्षेत्र में प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि बांग्लादेश की ओर से उन्हें स्वीकार किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सीमा क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध घुसपैठ या अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।


