– किसानों ने सिंचाई विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
फर्रुखाबाद। कायमगंज ब्लॉक क्षेत्र में बम्बा (नहर) कट जाने से आसपास के खेतों में बड़ी मात्रा में पानी भर गया। अचानक पानी आने से केले, आम समेत कई फसलें जलमग्न हो गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। घटना के बाद प्रभावित किसानों में आक्रोश है।
किसानों का कहना है कि बम्बे की समय पर मरम्मत और निगरानी नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। उनका आरोप है कि सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा उन्हें अपनी मेहनत से तैयार फसलों के नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
खेतों में कई फीट तक पानी भर जाने से फसलों की जड़ें प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। खासकर केले और आम के बागों में जलभराव से किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो नुकसान और बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग से तत्काल बम्बे की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और प्रभावित किसानों के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, विभागीय अधिकारियों की ओर से स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


