– सफाई कार्य व कर्मियों की मॉनिटरिंग करेगी आरएफ आईडी।
– ईओ ने वार्डों का निरीक्षण कर जांची किया लोगों को जागरूक
गुरसहायगंज, कन्नौज। नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अब आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने की पहल शुरू हो गई है। नगर में शत-प्रतिशत स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक भवन पर आरएफ आईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) टैग लगाए जा रहे हैं।
इस अत्याधुनिक डिजिटल आधारित प्रणाली के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इससे यह ट्रैक किया जा सकेगा कि किस घर से नियमित रूप से अलग-अलग (गीला और सूखा) कूड़ा लिया जा रहा है, जिससे सफाई कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी। अभियान के तहत अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर आरएफ आईडी टैग लगाने के कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें आरएफ आईडी टैग के लाभ और गीले-सूखे कूड़े को अलग-अलग देने के महत्व की जानकारी दी। ईओ ने बताया कि तकनीक के प्रयोग से स्वच्छता सेवाएं अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेंगी। पालिका अध्यक्ष मुन्नी देवी ने कहा, कि नगर को स्वच्छ एवं आधुनिक बनाने के लिए तकनीक का उपयोग बेहद जरूरी है। आरएफ आईडी व्यवस्था से हर घर तक बेहतर सफाई सेवाएं पहुंचेंगी। नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से गुरसहायगंज को प्रदेश के आदर्श एवं स्वच्छ नगरों की श्रेणी में शामिल कराया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने भवनों पर आरएफ आईडी टैग लगवाने में सहयोग करें तथा गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग देकर श्स्वच्छ गुरसहायगंजश् के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
डिजिटल हुआ कूड़ा प्रबंधन हर घर पर लगेंगे आरएफ आईडी कार्ड


