शमसाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ढाईघाट गंगा पुल पर मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ ने अचानक पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद अधेड़ को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरा बीकू निवासी महेश (52) पुत्र गंगाराम मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ढाईघाट गंगा पुल पर पहुंचे। बताया गया कि उन्होंने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे लोगों ने जब उन्हें नदी में छलांग लगाते देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश शुरू कराई। गोताखोरों ने प्रयास करते हुए महेश को नदी से बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव अभियान शुरू होने के कारण उनकी जान बच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने महेश को अपनी निगरानी में लिया और उन्हें थाने ले आई। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के थाने पहुंचने के बाद उन्हें सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। गोताखोरों की मदद से अधेड़ को सकुशल बचा लिया गया है। वर्तमान में वह थाने पर मौजूद है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
ढाईघाट गंगा पुल से ग्रामीण ने लगाई छलांग, गोताखोरों ने बचाई जान


