30 C
Lucknow
Friday, May 15, 2026

208 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, देश का ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश : सीएम योगी

Must read

 

महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज जिले के नौतनवा में 208 करोड़ रुपये से अधिक की 79 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के विकास का “ग्रोथ इंजन” बन चुका है और डबल इंजन सरकार बिना रुके विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े थे और माफिया गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे, लेकिन अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों की सरकारों में अयोध्या में राम मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम जैसे कार्य संभव नहीं हो पाते।

सीएम योगी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इसका असर डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की सप्लाई पर पड़ रहा है, जिससे देश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से ईंधन की बचत करने और प्रधानमंत्री के आह्वान के साथ खड़े रहने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आज देश में सबसे अधिक एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कभी इंसेफलाइटिस से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

नेपाल सीमा से सटे नौतनवा क्षेत्र के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल संबंधों को “रोटी-बेटी का रिश्ता” बताया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article