33.7 C
Lucknow
Wednesday, July 1, 2026

सिगरेट पीने को लेकर बवाल, दो गुटों में जमकर चले लाठी-डंडे, कई घायल, दो गिरफ्तार

Must read

नालंदा: नालंदा जिले के बिहार शरीफ शहर (Bihar Sharif city) के बिहार थाना क्षेत्र स्थित बैगनाबाद मोहल्ले में कल मंगलवार की देर रात सिगरेट पीने (smoking) को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बैगनाबाद मोहल्ले में दोस्तों के बीच सिगरेट पीने को लेकर कहासुनी हुई थी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। यह झड़प मुख्य रूप से बैगनाबाद निवासी राधे और मोहम्मद काशिफ के बीच हुई।

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद मामला दो गुटों के बीच संघर्ष में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडे चले और इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मारपीट में बैगनाबाद निवासी मोहम्मद ख्याब इस्लाम के पुत्र मोहम्मद काशिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अन्य कुछ लोग भी घायल हुए हैं, जिनके बारे में बताया जा रहा है कि वे पुलिस कार्रवाई के डर से फिलहाल सामने नहीं आए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शहर के अन्य थानों की पुलिस भी एहतियात के तौर पर मौके पर बुलाई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और घायल काशिफ को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हो गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article