शमशाबाद/फर्रुखाबाद। बुधवार सुबह हुई रिमझिम बारिश और तेज हवाओं ने विद्युत व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। हजियापुर विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी हाईटेंशन लाइन का केबिल बॉक्स सहसैहाय रेलवे क्रॉसिंग के निकट अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हो गई। इस तकनीकी खराबी के चलते हजियापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 100 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई और हजारों उपभोक्ताओं को घंटों तक अंधेरे का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह तेज हवा और लगातार हो रही बारिश के दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आ गया। कुछ ही देर बाद केबिल बॉक्स में तेज धमाका हुआ और वह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। बिजली गुल होते ही गांवों में हड़कंप मच गया और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई।
सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। जांच के दौरान सहसैहाय रेलवे क्रॉसिंग के निकट 33 केवी लाइन के केबिल बॉक्स में खराबी मिलने के बाद उसे ठीक करने का कार्य शुरू किया गया। हालांकि लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण मरम्मत कार्य बार-बार बाधित होता रहा, जिससे बिजली बहाल करने में अपेक्षा से अधिक समय लग गया।
बिजली आपूर्ति ठप होने का सबसे अधिक असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिला। लोगों के घरों में लगे कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण पूरी तरह बंद हो गए। मोबाइल फोन की बैटरियां खत्म होने लगीं, जिससे संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। वहीं किसानों को सिंचाई कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि विद्युत चालित ट्यूबवेल बंद हो जाने से खेतों में पानी नहीं पहुंच सका। उमस भरे मौसम में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बारिश और आंधी के समय इस प्रकार की तकनीकी खराबियां बार-बार सामने आती हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। उपभोक्ताओं ने मांग की कि विद्युत लाइनों का समय-समय पर रखरखाव कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उधर विद्युत विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। जैसे ही मौसम सामान्य होगा, क्षतिग्रस्त केबिल बॉक्स को बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए जल्द से जल्द बिजली बहाल करने का भरोसा दिलाया है। वहीं हजियापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े एक सैकड़ा से अधिक गांवों के लोगों ने तत्काल विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए विभाग से स्थायी समाधान की भी अपेक्षा जताई है।
आंधी-बारिश से फटा 33 केवी हाईटेंशन लाइन का केबिल बॉक्स, हजियापुर उपकेंद्र से जुड़े 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल


