45.2 C
Lucknow
Tuesday, June 9, 2026

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन कड़ी सुरक्षा के बीच 19 केंद्रों पर हुई परीक्षा

Must read

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। सुबह सात बजे से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें केंद्रों में प्रवेश दिया गया।

प्रवेश प्रक्रिया सुबह आठ बजे शुरू हुई। महिला अभ्यर्थियों की विशेष रूप से गहन तलाशी ली गई। उन्हें लॉकेट, कंगन, चूड़ी, पायल, हेयर बैंड और कानों की बालियां उतारने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से तीन चरणों में जांच की गई और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया।

क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का मिलान कर अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित की गई। बद्री विशाल डिग्री कॉलेज में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। वहीं नारायण आर्य कन्या इंटर कॉलेज में महिला पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों की सघन जांच करते हुए चूड़ी, कंगन, पायल और बालियां उतरवाकर प्रवेश दिया।

अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कन्नौज की अभ्यर्थी गौरी पांडेय ने बताया कि उन्हें लॉकेट, हेयर बैंड, कड़ा और कानों की बालियां उतारनी पड़ीं। मैनपुरी के सनी कुमार ने कहा कि परीक्षा की तैयारी अच्छी रही है। हरदोई के दिनेश कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्र देखने के बाद ही परीक्षा के स्तर का सही आकलन हो सकेगा। कई अन्य अभ्यर्थियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की।

प्रशासन के अनुसार प्रथम पाली में 6,720 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की गई। इस दौरान नारायण कन्या पाठशाला में एक बायोमेट्रिक मशीन खराब होने से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी, लेकिन अन्य मशीनों की सहायता से व्यवस्था को सुचारु कर परीक्षा प्रक्रिया जारी रखी गई। कुल मिलाकर दूसरे दिन की परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article