कमालगंज: कमालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रृंगीरामपुर निवासी 38 वर्षीय विजय गुप्ता बुधवार देर शाम अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वह कमालगंज क्षेत्र में ही थे कि रास्ते में नई बस्ती निवासी बादशाह साइकिल पर सवार होकर सामने से आ रहे थे। अचानक दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय गुप्ता उछलकर सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं साइकिल सवार बादशाह भी घायल हो गया।
बताते चलें कि घायल विजय गुप्ता, राकेश गुप्ता के पुत्र हैं। राकेश गुप्ता बहुत पुराने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक हैं और श्रृंगीरामपुर में उनका परचून का कारोबार है।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को कमालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई है। दोनों घायलों का सीएचसी में इलाज जारी है। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर हंगामा की स्थिति बनी रही।


