कमालगंज: फतेहगढ़ से गुरसहायगंज को जोड़ने वाला 7 मीटर चौड़ा रोड अब जानलेवा बनता जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण न होने, तेज रफ्तार और बेलगाम ट्रैफिक के दबाव ने इस मार्ग को हादसों का अड्डा बना दिया है। इसी का ताजा उदाहरण गुरुवार को कमालगंज थाना क्षेत्र के बघार में देखने को मिला, जहां डीपीएस स्कूल के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ही मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायलों की पहचान एक संयोग भरी है – दोनों का नाम आयुष है। एक घायल फतेहगढ़ के निवाड़िया मोहल्ला, छोटी जेल चौराहा निवासी सुनील कुमार का पुत्र आयुष है, जबकि दूसरा युवक फर्रुखाबाद निवासी एन.एस. गुप्ता का पुत्र आयुष बताया जा रहा है। दोनों अपनी-अपनी बाइक से आ-जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया।
एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं दूसरे युवक के होंठ पर चार टांके लगे हैं और नाक में भी गंभीर चोट बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बघार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही सबसे ज्यादा है। फतेहगढ़-गुरसहायगंज रोड मात्र 7 मीटर चौड़ा है, लेकिन इस पर ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ चुका है। सड़क चौड़ीकरण का काम सालों से लटका है।
इसी 7 मीटर की पट्टी पर बड़े ट्रक, बसें, डीसीएम और छोटे वाहन – बाइक, ऑटो, ई-रिक्शा एक साथ दौड़ते हैं। तेज गति और ओवरटेक की होड़ में आए दिन आमने-सामने की भिड़ंत हो रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का जल्द से जल्द चौड़ीकरण किया जाए, स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाए जाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, नहीं तो ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


