27 C
Lucknow
Sunday, August 23, 2026

करंट की चपेट में आने से दो गायों की मौत, हिंदूवादी नेताओं ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

Must read

फर्रुखाबाद। मोहल्ला बजरिया में सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से दो पालतू गायों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हिंदूवादी नेताओं और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के मोहल्ला छत्ता दलपत राय निवासी स्वर्गीय बृजपाल यादव के पुत्र शिवम रविवार सुबह अपनी दो पालतू गायों को चराने के लिए जसमई की ओर ले गए थे। दोपहर बाद घर लौटते समय जब वह मोहल्ला बजरिया में सुषमा हॉस्पिटल के सामने पहुंचे, तभी सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में दोनों गायें आ गईं और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शिवम की मां उर्मिला देवी के साथ हिंदूवादी नेता शनि गुप्ता, साहिल मिश्रा, निहाल, सागर सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पोल में पिछले कई दिनों से करंट उतर रहा था और इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि घटना के बाद लाइनमैन और जेई को फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर मृत गायों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन उर्मिला देवी ने आर्थिक सहायता की मांग करते हुए गायों को तत्काल हटाने का विरोध किया। उन्होंने बताया कि दोनों गायें गर्भवती थीं और उनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये थी। उन्होंने यह भी कहा कि गायों को बचाने के प्रयास में उनका बेटा भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदूवादी नेताओं में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी दिखाई दी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस की सूचना पर शहर क्षेत्र के एसडीओ श्री वर्मा मौके पर पहुंचे।
हिंदूवादी नेताओं ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं और शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की जाती।
एसडीओ श्री वर्मा ने घटना की जानकारी अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह को फोन पर दी। समाजसेवी कुक्कू चौहान ने भी जसमई सब स्टेशन के कर्मचारियों की कथित लापरवाही से अधीक्षण अभियंता को अवगत कराया।
एसडीओ श्री वर्मा ने आश्वासन दिया कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को गायों की मौत का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही लापरवाही के आरोपों की जांच कर जेई मंसूर अली एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इसके बाद संविदा विद्युत कर्मियों ने बिजली लाइन पर लटके तारों को हटाया। नगर पालिका कर्मचारियों ने दोनों गायों को दफनाने के लिए मौके से ले गए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article