28 C
Lucknow
Sunday, September 6, 2026

मारपीट में युवक की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, बेसबॉल बैट के टुकड़े बरामद

Must read

फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना पुलिस ने मारपीट के दौरान घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए बताए जा रहे दो बेसबॉल बैट के टुकड़े भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को एक महिला ने कादरीगेट थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके पति आकाश उर्फ बटरा के साथ लाठी-डंडों और सरिया आदि से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल आकाश की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मामले में वांछित मनु उर्फ मन्थन दुबे निवासी टोना वाली गली, गंगानगर कॉलोनी और हरिओम दीक्षित निवासी टोना वाली गंगानगर कॉलोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि दोनों की निशानदेही पर दो बेसबॉल बैट के टूटे हुए टुकड़े बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि आकाश उर्फ बटरा मोहल्ले के लोगों को परेशान करता था और रास्ते से निकलने वाले लोगों से गाली-गलौज करने के साथ ईंट-पत्थर चलाता था। इसी वजह से कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की थी। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने मामले में शेष सफाई न्यायालय के समक्ष अपने अधिवक्ता के माध्यम से देने की बात कही।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मनु उर्फ मन्थन दुबे के खिलाफ पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है। वहीं हरिओम दीक्षित के खिलाफ इसी मामले में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार कश्यप के साथ कांस्टेबल दीपक कुमार, आदित्य वर्मा और अमित कुमार शामिल रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article