फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी फर्रुखाबाद जंक्शन पुलिस ने एक आरोपी को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद मोबाइल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार को जीआरपी फर्रुखाबाद जंक्शन पुलिस टीम प्लेटफार्म नंबर पांच पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने सुबह रेलवे स्टेशन से मोबाइल फोन चोरी किया है और उसे बेचने की फिराक में प्लेटफार्म नंबर पांच से मैनपुरी की ओर जाने वाले रेलवे ट्रैक के किनारे घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संतोष पुत्र सर्वेश निवासी ग्राम चौदरियापुर, थाना सवायजपुर, जनपद हरदोई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हरपालपुर थाने में मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा जीआरपी फर्रुखाबाद जंक्शन में भी चोरी से संबंधित मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी 6 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे की गई। पुलिस ने बरामद मोबाइल को सील कर दिया है और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक कीरत कुमार, हेड कांस्टेबल अभिनेष कुमार, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल रविशंकर शामिल रहे।
जीआरपी पुलिस ने चोरी के मोबाइल के साथ आरोपी दबोचा


