28 C
Lucknow
Sunday, September 6, 2026

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर संविदा लाइनमैन झुलसा, SSO पर लापरवाही का आरोप

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। शटडाउन लेकर हाईटेंशन लाइन की मरम्मत करने खंभे पर चढ़ा संविदा लाइनमैन अचानक करंट की चपेट में आकर झुलस गया और खंभे से नीचे जा गिरा। हादसे में कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित ने विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ के खिलाफ शमशाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयां खेड़ा निवासी सुग्रीव पुत्र राजबहादुर शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक शनिवार को वह ग्राम नगला सेठ में लाइन ठीक करने के लिए गया था। इसके लिए उसने शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ लालामियां से फोन पर शटडाउन लिया था।
आरोप है कि सुग्रीव जब नगला सेठ में हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहा था, तभी एसएसओ ने बिना सूचना दिए विद्युत आपूर्ति चालू कर दी। अचानक लाइन में करंट दौड़ने से सुग्रीव बुरी तरह झुलस गया और खंभे से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एसएसओ पर पीड़ित ने फोन की कॉल हिस्ट्री डिलीट करने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि ऐसा शटडाउन लिए जाने के साक्ष्य को मिटाने के उद्देश्य से किया गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घायल कर्मचारी की सुध नहीं ली। वहीं झुलसे कर्मचारी के भाई ने बताया कि उसके भाई की हालत गंभीर है और विभाग की ओर से अब तक कोई मदद नहीं की गई है।
घटना को लेकर संविदा कर्मचारियों में भी रोष बताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article