38 C
Lucknow
Monday, June 15, 2026

परिवहन आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं, बकायेदार वाहन स्वामियों को नोटिस भेजने के निर्देश

Must read

 

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने सोमवार को जनपद का दौरा कर परिवहन विभाग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांट स्थित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर (एडीटीसी), डंपिंग एवं डिटेंशन यार्ड का निरीक्षण करने के साथ उप संभागीय परिवहन कार्यालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। भ्रमण कार्यक्रम के तहत परिवहन आयुक्त सबसे पहले कांट स्थित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद डंपिंग एवं डिटेंशन यार्ड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बाद में उन्होंने उप संभागीय परिवहन कार्यालय, नियामतपुर में विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए परिवहन आयुक्त ने प्रशमन शुल्क लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकाया वसूली की स्थिति पर असंतोष जताते हुए 30 जून तक 20 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले सभी वाहन स्वामियों को मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 20 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले 1601 वाहन स्वामियों को पहले ही मांग पत्र भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष 2696 वाहन स्वामियों को जल्द नोटिस जारी किए जाएंगे। परिवहन आयुक्त ने कार्यालय के अभिलेखागार में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में दोषी पाए जाने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने सड़क सुरक्षा, प्रवर्तन कार्रवाई और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त बरेली परिक्षेत्र कमल प्रसाद गुप्ता, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सर्वेश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) हरिओम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विकास कुमार यादव तथा यात्री एवं मालकर अधिकारी रामाश्रय प्रसाद गौतम सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article