चंदौली: यूपी के चंदौली में रविवार को पुलिस (Police) ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह (Interstate liquor smuggling gang) का पर्दाफाश किया। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सिंघीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान एक कंटेनर ट्रक से पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। ट्रक से 775 पेटी यानी करीब 6,935 लीटर शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है। मामले में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और ब्रेजा कार भी कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात बनारस की ओर से कंटेनर ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कटरिया-सिंघीताली पुल के पास टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए ट्रक को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में ऊपर करीब 70 बोरी वॉल पुट्टी लदी मिलीं। इन्हीं बोरियों के पीछे शराब छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब दिल्ली से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी के कारण इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। शराब कहां से लाई गई, कहां पहुंचाई जानी थी और गिरोह में इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 5 आरोपियों के खिलाफ अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


