26.6 C
Lucknow
Thursday, October 15, 2026

विधान परिषद चुनाव को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

Must read

 

30 मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतपेटियां स्ट्रांग रूम में जमा कराने तक की जिम्मेदारी समझाई गई

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें निर्वाचन संबंधी दायित्वों, मतदान प्रक्रिया, मतदान दलों की रवानगी और मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में जमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 22 अक्टूबर को फतेहगढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज से सभी 30 मतदान दल निर्धारित समय पर रवाना किए जाएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए कि वे मतदान दलों के निर्धारित केंद्रों तक पहुंचने की निगरानी करें और उनके सुरक्षित पहुंचने की सूचना समय से उपलब्ध कराएं।
मतदान 23 अक्टूबर को होगा। इस दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर मतदान व्यवस्था का जायजा लेंगे। मतदान निर्धारित समय पर शुरू कराने, निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्ट्रांग रूम में जमा कराने की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्राथमिक उपचार पेटी, एक मतपेटी और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री का अलग थैला उपलब्ध कराया जाएगा।
सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण करने के साथ केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जांच करने को कहा गया। निरीक्षण के बाद निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी, ताकि मतदान के दिन कर्मचारियों और मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशिक्षण में अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी एवं परियोजना निदेशक कपिल कुमार, सहायक प्रशिक्षण प्रभारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article