34 C
Lucknow
Wednesday, May 27, 2026

मेधावियों का होगा महाकुंभ, सीएम योगी 223 टॉपर्स को करेंगे सम्मानित

Must read

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार एक जून को प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए भव्य सम्मान समारोह आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षा बोर्डों के 223 मेधावियों को सम्मानित करेंगे।
सरकार की ओर से हर मेधावी छात्र-छात्रा को एक लाख रुपये की सम्मान राशि, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के आदेश दिए हैं। राज्य स्तरीय समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसका लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कराया जाएगा।
इस सम्मान समारोह में केवल यूपी बोर्ड ही नहीं, बल्कि यूपी संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त छात्र-छात्राएं भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
सरकार ने कुल 223 मेधावियों और उनके एक-एक अभिभावक को कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। सभी विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षकों को आदेश दिया गया है कि सभी छात्र-छात्राएं 31 मई की शाम पांच बजे तक लखनऊ पहुंच जाएं।
प्रदेश सरकार केवल राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिला स्तर पर भी मेधावियों का सम्मान करेगी। जानकारी के अनुसार प्रदेश के 1459 जिला स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित समारोहों में मंत्री और जनप्रतिनिधि छात्रों को 21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे।
शिक्षा विभाग के मुताबिक सम्मान राशि पहले ही जिलों को भेजी जा चुकी है, जबकि टैबलेट वितरण के लिए अलग से बजट जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षकों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम के दिन ही सभी मेधावियों के खातों में सम्मान राशि ट्रांसफर कर दी जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article