संभल
बनियाठेर थाना क्षेत्र में एक शादी अचानक टूटने का मामला सामने आया है, जहां 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी न होने पर दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा। इस घटना के बाद दुल्हन और उसका परिवार सदमे में है।
जानकारी के अनुसार, बनियाखेड़ा गांव निवासी शकील ने अपनी बेटी फराना जहां का रिश्ता मुरादाबाद के मोहम्मदपुर जमापुर निवासी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे मुख्तार अली से तय किया था। रविवार शाम 4 बजे बारात आने की पूरी तैयारी की गई थी, लेकिन तय समय पर बारात नहीं पहुंची।
जब लड़की पक्ष ने संपर्क किया तो दूल्हे पक्ष ने 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग रख दी और मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद दुल्हन फराना अपने पिता से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, शादी तय होने के बाद अब तक करीब 7 लाख 25 हजार रुपये का सामान और नकद दिया जा चुका था। इसके बावजूद अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग की गई, जिसे पूरा करना परिवार के लिए संभव नहीं था।
घटना के बाद लड़की पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित पिता मोहम्मद शकील ने दूल्हे सहित उसके परिवार के कई लोगों पर दहेज मांगने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में 9 लोगों के खिलाफ नामजद आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले 22 अप्रैल को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन समझौते के लिए बुलाने पर भी दूल्हा पक्ष नहीं पहुंचा।
थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। पुलिस ने दूल्हा पक्ष को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। अब साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और दहेज प्रथा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।


