संभल
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की कथित तौर पर जहर देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव कैलमुंडी निवासी सतपाल ने अपनी बेटी रेनू की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व अकबरपुर गांव के कृष्ण पुत्र गजेंद्र सिंह से की थी। पिता का आरोप है कि शादी में उन्होंने मोटरसाइकिल, ढाई लाख रुपये नकद और घरेलू सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे और इसी को लेकर रेनू को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति, सास और देवर सहित परिवार के अन्य लोग उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे।
करीब एक माह पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद युवती को उसके पिता घर ले आए थे। बाद में 19 अप्रैल को पति उसे वापस ससुराल ले गया, जहां कथित रूप से उत्पीड़न फिर शुरू हो गया। रेनू ने फोन पर अपने पिता को इसकी जानकारी भी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि 25 अप्रैल की दोपहर पति कृष्ण, सास गेंदा देवी, देवर कन्हैया और दो अन्य लोगों ने मिलकर बुलेट की मांग पूरी न होने पर रेनू को कमरे में ले जाकर जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


