यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 1 और 2 नवंबर को, 430 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी में परीक्षा — जिनकी फोटो में गड़बड़ी, वे लाएं दो रंगीन फोटो

0
70

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उप निरीक्षक (गोपनीय), सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) और सहायक उप निरीक्षक (लेखा) के पदों पर भर्ती परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 1 और 2 नवंबर को प्रदेशभर के 430 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसटीएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है।

भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, इस परीक्षा में 1172 अभ्यर्थियों की तस्वीरों में गड़बड़ी पाई गई है। कई उम्मीदवारों की ऑनलाइन आवेदन में फोटो अपलोड ही नहीं हुई, जबकि कुछ की तस्वीरें धुंधली या अनुपयुक्त पाई गईं। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा केंद्र पर दो नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लेकर आएं। बोर्ड ने इन अभ्यर्थियों की सूची अपनी वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जारी कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि एक नवंबर को 10 जिलों में कम्प्यूटर ऑपरेटर पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसके लिए कुल 244 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 47 परीक्षा केंद्र राजधानी लखनऊ में होंगे। वहीं, 2 नवंबर को एसआई और एएसआई पदों की परीक्षा 10 जिलों में 186 केंद्रों पर कराई जाएगी, जिनमें लखनऊ में 35 परीक्षा केंद्र होंगे।

परीक्षा पूरी तरह ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) होगी और केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों की फोटो में त्रुटि पाई गई है, उन्हें प्रवेश पत्र पर नई पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो चिपकानी होगी और एक अतिरिक्त फोटो साथ लानी होगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बिना फोटो वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here