लखनऊ। जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितनी बयानबाजी कर ले, लेकिन इस मामले में हुए भ्रष्टाचार का सच एक दिन सामने आएगा और इसमें शामिल हर व्यक्ति का नंबर जरूर आएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार लोकनायक जयप्रकाश नारायण से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर को भी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की कार्यशैली देखकर ऐसा लगता है जैसे यहां किसी गुप्त खजाने की तलाश की जा रही हो।
सपा प्रमुख ने राम मंदिर से जुड़े कथित गबन के मामलों का भी जिक्र किया और भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की कारगुजारियों को छिपाने की चाहे जितनी कोशिश की जाए, जनता के सामने सच्चाई एक दिन जरूर आएगी।


