एटा
जनपद में प्रेम प्रसंग का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गदनपुर क्षेत्र में एक युवती द्वारा अपने प्रेमी को मैसेज के जरिए बुलाने के बाद उसके ही परिवार द्वारा बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने न सिर्फ रिश्तों को शर्मसार किया है, बल्कि समाज में बढ़ती हिंसा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक पवन कुमार का युवती से प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन युवती ने उसे इंस्टाग्राम के माध्यम से मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही पवन मौके पर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे युवती के पिता, चाचा और अन्य परिजनों ने उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे मैनपुरी जनपद में फेंक दिया, जहां पहचान न होने के कारण पुलिस ने शव का अज्ञात में अंतिम संस्कार करा दिया। बाद में जब पवन के परिजन उसकी तलाश करते हुए मैनपुरी पहुंचे, तो उन्होंने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका, उसके पिता और चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि प्रेम संबंधों में असहमति या पारिवारिक विरोध किस तरह भयावह हिंसा का रूप ले सकता है।


