अलीगढ़। ग्रैंड पैराडाइज गेस्ट हाउस में आयोजित विशाल संत समागम में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने देश में बढ़ते जातिवाद और सामाजिक विवादों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को तोड़ने वाली शक्तियां लगातार सक्रिय हैं और सनातन धर्म के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने सनातन समाज से सजग और संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता को सर्वोपरि रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि देश अनेक चुनौतियों और संकटों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में जाति-पांति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने समान व्यवहार और समान न्याय की आवश्यकता पर भी बल दिया।
संत समागम में उपस्थित संतों ने भी सामाजिक सौहार्द, धार्मिक चेतना और राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर फूलडोल दास जी महाराज, भैया जी महाराज, परमेश्वर दास जी महाराज, सुंदर दास जी महाराज, दशरथ दास जी महाराज, विमल चैतन्य जी महाराज, आनंद बल्लभ गोस्वामी जी महाराज तथा काका गुरुजी गिरधर दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संजय शर्मा, प्रमोद गौर, राजा भैया जी, विकास शर्मा, धीरज शर्मा एवं बबलू सिंह जी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।


