39.7 C
Lucknow
Friday, July 3, 2026

टीईटी परीक्षा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, बाली-अंगूठी उतरवाकर हुई जांच, 19 केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा

Must read

 

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दूसरे दिन शुक्रवार को जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले कानों की बालियां, अंगूठियां और अन्य धातु के आभूषण उतरवाने पड़े। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और आधार कार्ड से फोटो मिलान करने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

जनपद के शहर एवं कमालगंज क्षेत्र के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक आयोजित हो रही परीक्षा में प्रत्येक पाली में 6,312 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सुबह की पाली के लिए अभ्यर्थी सुबह 6:30 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया चली, जबकि परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

एनएकेपी डिग्री कॉलेज, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की मॉनिटरिंग की गई। केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल पूरे समय तैनात रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

परीक्षा देने के लिए हरदोई, कानपुर, इटावा, औरैया, मैनपुरी समेत आसपास के कई जनपदों से अभ्यर्थी फर्रुखाबाद पहुंचे। दूर-दराज से आने वाले अनेक अभ्यर्थियों ने गुरुवार रात रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर ही समय बिताया और सुबह अपने-अपने परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुए।

प्रशासन ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई। पूरे दिन परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article