फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दूसरे दिन शुक्रवार को फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग पर कई घंटों तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। सीएनजी भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतार, परीक्षा केंद्रों के बाहर सड़क किनारे खड़े अभ्यर्थियों के निजी वाहन और नगर पालिका के कूड़ा वाहन के एक साथ पहुंचने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। इससे परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों और आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए वाहनों की लंबी लाइन सड़क तक पहुंच गई थी। इसी दौरान जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर टीईटी परीक्षा आयोजित होने के कारण इटावा, मैनपुरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हरदोई, बदायूं सहित कई जिलों से आए अभ्यर्थियों ने अपने निजी वाहन क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, बद्री विशाल डिग्री कॉलेज और आसपास के परीक्षा केंद्रों के बाहर सड़क किनारे खड़े कर दिए। इससे सड़क संकरी हो गई और यातायात बाधित होने लगा।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब नगर पालिका का कूड़ा उठाने वाला वाहन भी इसी मार्ग पर पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। कई अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की चिंता सताने लगी, जबकि स्थानीय लोगों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलते ही बद्री विशाल डिग्री कॉलेज पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों को हटवाया और इसके बाद पेट्रोल पंप पर पहुंचकर सीएनजी भरवाने वाले वाहनों की कतार को व्यवस्थित कराया। पुलिस की सक्रियता के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ और मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।
टीईटी परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बना रहा। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।


