पटना: पटना (Patna) स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) परिसर में शनिवार को तेलंगाना के एक छात्र (Telangana student) की मौत हो गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान तेलंगाना निवासी हर्षित पटनायक के रूप में हुई है। चौथे वर्ष का यह छात्र आईआईटी परिसर में आयोजित विदाई समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई से आया था। फिलहाल मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह परिसर में लड़कों के छात्रावास के पास एक मैदान में युवक का शव मिला। बताया जा रहा है कि सुबह छात्रावास से बाहर निकलने के बाद उसकी मौत हो गई। कल शाम तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिसके कारण परिसर में जलभराव हो गया और कई जगहों पर बिजली की लाइनें टूट गईं।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है। अभी तक आईआईटी के किसी भी प्रशासनिक अधिकारी द्वारा कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटना की पुष्टि करते हुए पटना पश्चिम शहर के एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आईआईटी प्रशासन को परिसर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। अधिकारी ने बताया इसके बाद पुलिस और एफएसएल की एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण पता चलने की उम्मीद है। पुलिस मामले की सक्रिय रूप से जांच कर रही है।


