नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के एक बड़े प्रयास का भंडाफोड़ करते हुए 1 किलोग्राम 141 ग्राम सोना बरामद किया है। मामले में दुबई से आए एक बांग्लादेशी यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर यात्री को रोककर उसकी जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पाउच से 1.141 किलोग्राम सोना बरामद हुआ। जब्त सोने की टैरिफ वैल्यू लगभग 1.47 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। कस्टम विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि सोना भारत में किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।
कस्टम विभाग ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सोने को जब्त कर आगे की जांच जारी है।


