फर्रुखाबाद। खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश शासन ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) सुरेंद्र यादव का स्थानांतरण फर्रुखाबाद से जौनपुर जनपद कर दिया है। शासन के आदेश के अनुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।सुरेंद्र यादव ने 22 जुलाई 2022 को फर्रुखाबाद में जिला पूर्ति अधिकारी का कार्यभार संभाला था। इसके बाद लगभग चार वर्षों के लंबे कार्यकाल में उन्होंने जनपद की सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने, राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यकाल में विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया गया।अपने सौम्य व्यवहार, प्रशासनिक दक्षता और ईमानदार कार्यशैली के कारण सुरेंद्र यादव अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के बीच लोकप्रिय रहे। लंबे समय तक एक ही जनपद में सफलतापूर्वक सेवाएं देने के बाद उनके तबादले की खबर से विभागीय कर्मचारियों और राशन विक्रेताओं में चर्चा का माहौल है। लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए जौनपुर में भी सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
शासन द्वारा जारी आदेश में निर्देशित किया गया है कि सुरेंद्र यादव शीघ्र नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण कर उसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएं।


