शाहजहांपुर। लखनऊ–बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप ग्राम सरायखास में बन रहे सर्किट हाउस का गुरुवार को नोडल अधिकारी मनीष चौहान ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह व मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह भी मौजूद रहीं।करीब 22.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सर्किट हाउस में वीआईपी सुइट, डोरमेट्री और अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे जनपद में आने वाले वीआईपी व अधिकारियों को बेहतर ठहरने की व्यवस्था मिल सके। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराया जाए। संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।


