शाहजहाँपुर। महानगर में लगातार बढ़ती अतिक्रमण की समस्या को लेकर भाजपा नेता सुबोध मिश्रा ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर कहा कि शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर लगाई गई रेलिंग का कोई औचित्य नजर नहीं आ रहा है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारी खुलेआम सड़कों पर बाजार सजा रहे हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि यदि किसी राहगीर या वाहन से सामान छू भी जाए तो विवाद की स्थिति बन जाती है और लोग झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। सुबोध मिश्रा ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निगम के पास अपनी प्रवर्तन टीम (फोर्स) होने के बावजूद अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने पूछा कि जब व्यवस्था मौजूद है तो उसका उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर और सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि शहरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।


