फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में जिले भर के अनुसांगिक (सहयोगी) संगठनों को पुनः सक्रिय करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।
जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने पर अजीत यादव को जिले के सभी नगरों एवं ब्लॉकों में संगठन के विभिन्न सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों से संवाद स्थापित करने का दायित्व दिया है। उन्हें विशेष रूप से उन संगठनों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया है जो वर्तमान में निष्क्रिय पड़े हुए हैं, ताकि उन्हें पुनः सक्रिय कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जा सके।
जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के अंतर्गत कई प्रमुख संगठन सक्रिय हैं, जिनमें मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, सपा युवजन सभा, समाजवादी पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, महिला मोर्चा और छात्र सभा शामिल हैं। हालांकि, इनमें से कुछ संगठन जहां सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, वहीं कई इकाइयां लंबे समय से निष्क्रिय बनी हुई हैं।
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी अब किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतना चाहती। इसी रणनीति के तहत संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने की दिशा में यह पहल की गई है।
सपा प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि जिला अध्यक्ष के निर्देशानुसार सभी नगरों और ब्लॉकों के पदाधिकारियों से संपर्क स्थापित कर नियमित मासिक बैठकों को सुनिश्चित किया जायेगा। इससे संगठन में निरंतर संवाद बना रहेगा और कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी बढ़ेगी।पार्टी का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है, और इसी उद्देश्य से यह मुहिम तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है।


