क्रासर
संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के दिए निर्देश
फर्रुखाबाद। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से देर रात अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उच्च सतर्कता बरतने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने तथा रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत भी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में आम नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।


