शादी-विवाह के सीजन के बीच सोने और चांदी की कीमतों में अचानक आई भारी तेजी ने सराफा बाजार की रौनक फीकी कर दी है। बरेली के गंज बाजार और मंडी चौक स्थित सराफा बाजार में बुधवार को ग्राहकों की संख्या बेहद कम दिखाई दी। कारोबारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में सोने की कीमत करीब सात हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के दाम लगभग 20 हजार रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के बाद बाजार में अचानक तेजी आई है। आयात शुल्क बढ़ने से विदेशों से आने वाला सोना और चांदी महंगा हो गया, जिसका सीधा असर अब घरेलू ग्राहकों पर पड़ रहा है। कारोबारियों के मुताबिक, सहालग के समय जहां दुकानों पर भारी भीड़ रहती थी, वहीं अब बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है।
व्यापारियों का कहना है कि अधिकांश ग्राहक पहले से तय बजट के अनुसार खरीदारी करने आते हैं, लेकिन अचानक बढ़ी कीमतों ने उनकी योजनाएं बिगाड़ दी हैं। पहले ही महंगे हो चुके सोने-चांदी के कारण लोग हल्के वजन वाले गहनों की ओर रुख कर रहे थे, लेकिन अब मौजूदा कीमतों में हल्के गहने बनवाना भी कठिन हो गया है। इससे बिक्री पर सीधा असर पड़ रहा है।
नीरज अग्रवाल ने बताया कि दुकान पर सुबह से कोई ग्राहक नहीं आया। उनका कहना है कि आयात शुल्क में वृद्धि के कारण सोने और चांदी की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं और यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में ग्राहक और कम हो सकते हैं। उन्होंने चिंता जताई कि इस सीजन में कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
वहीं मनीष बेरी ने कहा कि ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखते हुए बाजार में पहले से हल्के गहने तैयार किए गए थे, लेकिन अब बढ़ी कीमतों ने बिक्री की चिंता और बढ़ा दी है। उनका कहना है कि बाजार में ग्राहक नहीं पहुंच रहे और कई दुकानदार पूरे दिन खाली बैठे रहने को मजबूर हैं।


