26 C
Lucknow
Friday, August 21, 2026

मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना में ई-लॉटरी से छह लाभार्थियों का चयन

Must read

– तीन पुरुष और तीन महिला लाभार्थी चुने गए
– पशुपालकों की आय बढ़ाने पर जोर

फर्रुखाबाद। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों का ई-लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया। योजना का उद्देश्य पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत जनपद में कुल 189 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के बाद इनमें से 104 आवेदन पात्र एवं उपयुक्त पाए गए। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार ई-लॉटरी के माध्यम से छह लाभार्थियों का चयन किया गया, जिनमें तीन पुरुष और तीन महिला लाभार्थी शामिल हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं जिला समन्वयक, नन्द बाबा दुग्ध मिशन ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को प्रदेश के बाहर से साहीवाल, गिर, थारपारकर एवं गंगातीरी नस्ल की स्वदेशी गायों की खरीद करनी होगी। योजना के निर्धारित मानकों को पूरा करने के बाद लाभार्थियों को सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर दुग्ध मिशन नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक नन्द लाल वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article