फर्रुखाबाद। तहसील सदर अधिवक्ता महासभा की बैठक में विचार-विमर्श के बाद एल्डर्स कमेटी ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू होकर 10 सितंबर को मतदान और मतगणना के साथ पूरी होगी। हाल ही में महासभा की बैठक में चुनाव कार्यक्रम जल्द घोषित किए जाने की जानकारी दी गई थी।
एल्डर्स कमेटी ऑफ अधिवक्ता महासभा के अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी एडवोकेट ने घोषित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 22 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 24 अगस्त को शाम तीन बजे तक मतदाता सूची पर आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 25 अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 27 अगस्त को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29, 31 अगस्त तथा 1 सितंबर 2026 को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री एवं नामांकन प्रक्रिया होगी। 2 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 3 और 5 सितंबर को नाम वापसी का अवसर रहेगा।
इसके बाद 10 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम चार बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ तहसील सदर के अधिवक्ताओं के बीच चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। निष्पक्ष एवं व्यवस्थित चुनाव कराने की जिम्मेदारी एल्डर्स कमेटी पर रहेगी। तहसील सदर फर्रुखाबाद जिले की तीन तहसीलों में से एक है।


