45 C
Lucknow
Sunday, June 28, 2026

एक लाख का इनामी शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर, जवाबी फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल

Must read

 

पीलीभीत। कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सरबजीत सिंह को पीलीभीत पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला सरबजीत सिंह पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। आरोपी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में एसओजी का एक कांस्टेबल और एक सिपाही घायल हो गए, जबकि एक गोली एसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी। हालांकि सुरक्षात्मक जैकेट होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात सूचना मिली थी कि पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य शूटर सरबजीत सिंह अपने एक साथी के साथ बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर बिलसंडा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और खुद को घिरा देख पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान सरबजीत सिंह के सीने में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की मौत हो गई है।

मुठभेड़ के दौरान एसओजी का एक कांस्टेबल और एक अन्य सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध हथियार, कारतूस तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश में आसपास के इलाकों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पप्पू गुप्ता हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article