45 C
Lucknow
Sunday, June 28, 2026

खड़े ट्रक से टकराई कार, दंपती की मौत, तीन घायल

Must read

 

मीरजापुर। जिले में रीवा-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के एक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास उस समय हुआ, जब वाराणसी से दर्शन कर लौट रही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के कटनी जिले के निवासी विकास कुमार अपनी पत्नी सोनम तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वाराणसी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के बाद शनिवार रात अपने घर लौट रहे थे। कार में दो छोटे बच्चों समेत कुल आठ लोग सवार थे। रविवार तड़के करीब तीन बजे जब वाहन ड्रमंडगंज क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास पहुंचा, तभी चालक को झपकी आ गई और अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विकास कुमार और उनकी पत्नी सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

घायलों में कार चालक हीरालाल निवासी कटनी, हिमांशु निवासी उचेहरा (जिला सतना), सक्षम निवासी नागौद तथा राधा पत्नी प्रह्लाद निवासी नागौद (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार राधा की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हादसे में मृत दंपती के चार वर्षीय पुत्र शिवांश और डेढ़ वर्षीय पुत्र रुद्र सुरक्षित बच गए, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुई प्रतीत होती है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article