38 C
Lucknow
Monday, June 15, 2026

कैंची धाम स्थापना दिवस पर नई बाजार में श्रद्धा के साथ हुआ सरबत-चना प्रसाद वितरण

Must read

 

बाबा नीम करोली महाराज के जयकारों से गूंजा नई बाजार, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

पूरनपुर, पीलीभीत।
नीम करोली महाराज के पावन आश्रम कैंची धाम के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर नई बाजार स्थित धनवती मार्केट में श्रद्धा, आस्था और सेवा भाव के साथ सरबत एवं चना प्रसाद वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं, व्यापारियों, युवाओं तथा राहगीरों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।कार्यक्रम का आयोजन हरीदेव दीक्षित के नेतृत्व में किया गया। सुबह से ही आयोजन स्थल पर भक्तों का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करोली महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया तथा उनके बताए प्रेम, सेवा, करुणा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडे सरबत एवं चना प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ आने-जाने वाले राहगीरों, स्थानीय नागरिकों एवं भक्तों को प्रसाद वितरित किया। भीषण गर्मी के बीच सरबत वितरण से लोगों को राहत मिली और सभी ने इस सेवा कार्य की सराहना की।
इस दौरान आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंगा रहा। बाबा नीम करोली महाराज के भजन, जयकारों और आध्यात्मिक चर्चाओं से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा के आदर्श आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देते हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि कैंची धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि मानव सेवा और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। बाबा नीम करोली महाराज के प्रति देश-विदेश में करोड़ों लोगों की अटूट आस्था है और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में सुख, शांति और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है।
इस अवसर पर अनुज दीक्षित, अचलेन्द्र मिश्र ‘अचल’, राहुल देवल, संतोष देवल, प्रसून दीक्षित, अनमोल दीक्षित, शशांक दीक्षित, हिमांशु मिश्रा, गौरव पाण्डेय (राहुल बुक स्टोर) सहित अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने बाबा नीम करोली महाराज के चरणों में नमन करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article